Skip to main content

क्या आपका आधार सुरक्षित है?

आज से कोई 7 साल पहले जब 2010 में आधार कार्ड बनने प्रारंभ हुए तब बड़ी उत्सुकता से लोगों ने अपनी भागीदारी सुनिश्चित कराई। तब शायद किसी के मस्तिष्क में यह प्रश्न उठा हो कि उंगलियों और आंखों की पुतली का निशान जो हम दे रहे हैं उससे हमारी पहचान का कहाँ तक दुरुपयोग हो सकता है। यही कारण है कि आज 120 करोड़ के करीब लोगों ने अपना आधार कार्ड बनवा लिया है जो कि साल 2011 की जनगणना के अनुसार भारत की संपूर्ण जनसंख्या के इर्द गिर्द नजर आता है। दरसल आधार कार्ड 12 अंकों का एक विशिष्ट पहचान पत्र है। इसमें किसी भी व्यक्ति का नाम, पता व उम्र के साथ- साथ उसकी उंगलियों व आंख की पुतली के निशान भी दर्ज कराए जाते हैं।
                             आधार कार्ड बनाने का कारण भ्रष्टाचार पर प्रहार व मनुष्य की दोहरी पहचान वाली समस्या को सुलझाना था। साल 2010 के बाद अभी तक सरकार कोई भी ऐसा आंकड़ा प्रस्तुत कर पाने में समर्थ नहीं हो पाई है जिसमें उसने आम जनता को बताया हो कि आधार कार्ड से कितना भ्रष्टाचार कम हुआ। परंतु ऐसे कई उदाहरण सामने आए हैं जहां आधार कार्ड मौत का कारण बना हो। इसमें साल 2017 की वह घटना कौन भूल सकता है जब एक व्यक्ति की मौत का कारण भोजन की अनुपलब्धता थी। जिसमें उसे आधार कार्ड के अभाव में सरकार द्वारा मुहैया कराई जा रही खाद्य सामग्री उपलब्ध नहीं कराई गई । यहां सरकार द्वारा चलाए जा रहे आधार कार्ड संबंधी प्रोग्राम की अनेक खामियां दृष्टिगोचर हो जाती हैं। परंतु सबसे वाजिब प्रश्न यह बनता है कि जब जनता अपनी संपूर्ण क्षमता से भागीदारी सुनिश्चित करा रही है तब भी सरकार गोपनीयता संबंधी शर्तों को बेहतर ढंग से क्यों नहीं लागू कर पा रही है?😢
                               दरसल नए साल के आगाज के साथ आधार पर पुनः मसला तब उभरकर सामने  आया जब अंग्रेजी अखबार द ट्रिब्यून ने यह दावा किया कि मात्र 500 रुपये देकर कोई भी व्यक्ति किसी अन्य व्यक्ति के आधार सम्बन्धी जानकारी प्राप्त कर सकता है । द ट्रिब्यून ने यह भी दावा किया कि एजेंट मात्र 300 रुपये में एक सॉफ्टवेयर उपलब्ध करा रहे हैं जिसके माध्यम से किसी भी व्यक्ति के आधार कार्ड को डाउनलोड कर सकते हैं। यहां सरकार से लेकर भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण द्वारा गोपनीयता  संबंधी दिए गए आश्वासन पर अनेक प्रश्नचिन्ह लग जाते हैं। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण एक सांविधिक प्राधिकरण है जिसे भारत सरकार ने आधार अधिनियम 2016 के माध्यम से बनाया था। परंतु क्या यह प्राधिकरण अपनी संपूर्ण क्षमता से आधार कार्ड संबंधी कार्य करने में सफल हो पाया है ? इसका जवाब स्वयं यूआईडीएआई के उन दो वक्तव्य में मिल जाएगा जिसमें उसने एक ओर आधार से संबंधित कोई भी जानकारी लीक नहीं होने की बात की तो वहीं दूसरी ओर केवल बायोमेट्रिक डाटा को ही तवज्जो दिया। यूआईडीएआई के इन दोनों वक्तव्यों में एक विरोधाभास है और कोई व्यक्ति कैसे आत्म संतुष्ट  हो कि उसके आधार में जो बायोमेट्रिक जानकारी उपलब्ध कराई गई है वह बदली नहीं जा सकती। एजेंट जब किसी व्यक्ति से संबंधित संपूर्ण जानकारी सुरक्षित जगह से हैक कर लोगों को उपलब्ध करा सकते हैं तो लोगों की बायोमेट्रिक जानकारी में सेंधमार करना उनके लिए कोई बड़ा काम नहीं है। धोबी का कुत्ता न घर का न घाट का वाली स्थिति में मनुष्य को आने में जरा सी भी देर नहीं लगेगी।
                                यदि हम एक दूसरे पहलू से बात करें जिसमें यूआईडीएआई अनेक निजी कंपनियों के साथ मिलकर आंकड़ों को इकट्ठा करने का काम कर रही है तो इस स्थिति में क्या यह जरूरी नहीं कि निजी कंपनियां यहां अपने फायदे के लिए उन आंकड़ों का इस्तेमाल कर लें। और यदि उन आंकड़ों का प्रयोग ना भी करे तो इसकी क्या गारंटी की निजी कंपनियां उनका सही ही प्रयोग करेंगी। दूसरी ओर सरकार पर भी जनता क्यों भरोसा करे कि जो जानकारी सरकार अपने पास रख रही है उसका सही ही प्रयोग होगा और सरकार व्यक्तियों के निजी जीवन पर दखल नहीं देगी? यह भी हो सकता है कि सरकार आधार संबंधी जानकारी के माध्यम से व्यक्तियों के निजी जीवन पर दखल दे कर अप्रत्यक्ष रुप से उनको कैद कर ले।
                               आधार कार्ड से संबंधित यदि अन्य कमियों पर बात की जाए तो उसमें एक यह है कि जानकारी लीक होने पर व्यक्ति न्यायालय का दरवाजा नहीं खटखटा सकता जो कि हमारे मौलिक स्वतंत्रता पर सीधे-सीधे कटाक्ष करने का काम करता है। इसके अलावा यूआईडीएआई द्वारा अधिकृत व्यक्ति ही मुकदमा दर्ज कर सकता है। यह कुछ प्रावधान ये  दिखाने के लिए काफी हैं कि कैसे हमारे ऊपर सरकार नियंत्रण रखने का काम कर रही है, वरना क्या जरुरत थी कि आधार संबंधी विधेयक को धन विधेयक के रूप में संसद के समक्ष रखने की?

Comments

  1. विचारणीय आलेख।

    ReplyDelete
  2. आधार लीक होने पर शिकायत करने का अधिकार सम्बंधित व्यक्ति को देने की जरूरत है। अच्छा आलेख

    ReplyDelete
  3. आभार
    आधार लीक होने पर संबंधित व्यक्ति को शिकायत का तो अधिकार मिलना ही चाहिए उसके साथ ही कई अन्य अधिकार भी देने की आवश्यकता है।।

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

मृतक का बैंक में जमा पैसा कैसे जानें?

आर्थिक नीतियों के बदलाव के पश्चात बैंकिंग प्रणाली कहीं ना कहीं हमारे लिए अति आवश्यक हो गई है। इसी बैंकिंग प्रणाली को लेकर तब कई सारे प्रश्न दिमाक में उठते हैं जब किसी खाता धारक की मृत्यु हो जाती है। जैसे मृत्यु के पश्चात बैंक खाते का क्या होता है ? क्या पैसा बैंक का हो जाता है? क्या बैंक उस पैसे को व्यक्ति के परिवार के किसी सदस्य को दे देता है? या फिर उसको किसी फंड में जमा कर दिया जाता है? दरअसल यह पैसा उसी अकाउंट में पड़ा रहता है और एक लंबे समय अंतराल के पश्चात ऐसे अकाउंट को निष्क्रिय घोषित कर दिया जाता है। कुछ दिन पहले भारतीय रिजर्व बैंक की एक रिपोर्ट सामने आई जिसके अनुसार बैंकों में हजारों करोड़ रुपए ऐसे पड़े हैं जिनका कोई दावेदार ही नहीं है। ऐसा उन स्थितियों में होता है जब किसी खाता धारक की मृत्यु हो जाती है या फिर किसी के बहुत से बैंकों में खाते होते हैं। मौत होने की स्थिति में नॉमिनी पैसों के लिए दावा तो कर सकता है लेकिन कई बार नॉमिनी को खाते के बारे में जानकारी ही नहीं होती है। और यदि जानकारी होती भी है तो कुछ दस्तावेजों की कमी के वजह से भी दावा नहीं हो पाता है।भारतीय रिज...

कठुआ और उन्नाव बनाम समाज

मां मैं जा रही हूं..... शायद आसिफा के यही आखरी शब्द होंगे जब वह अपने घोड़ों को लेकर जंगल की ओर चराने के लिए गई होगी। कौन जानता था कि अब वह कभी भी लौट के नहीं आएगी? कौन जानता था कि उसके साथ एक पवित्र जगह पर इतना जघन्य अपराध किया जाएगा? एक 8 साल की मासूम बच्ची जिसको अभी अपना बायां और दायां हाथ तक पता नहीं था उसके साथ 8 दिनों तक एक पवित्र जगह पर ऐसा खेल खेला गया कि पूरी मानवता ही शर्मशार हो गई। वह मर ही गई थी लेकिन अभी कुछ बाकी था। अभी वह पुलिसवाला अपनी हवस को मिटाना चाहता था... रुको रुको अभी मारना नहीं मुझे भी हवस बुझानी है। यह खेल ही था जिसमें कुछ दरिंदे थे और एक मासूम बच्ची। जाहिर है कठुआ की खबर जैसे ही देश में फैली वह लोगों के रोंगटे खड़े कर गई। लेकिन इसके बाद भी कुछ तथाकथित हिंदुत्ववादी लोग उन दरिन्दों के  बचाव में  सड़कों पर उतर आए जिन्होंने 8 साल की मासूम बच्ची के साथ ड्रग्स देकर बलात्कार किया। शायद वह उस बच्ची में धर्म तलाश कर रहे थे जो अभी मंदिर मस्जिद को ही सही मायने में नहीं पहचान पायी थी। पहचानती भी कैसे अभी तो वह वोट देने के काबिल भी नहीं हुई थी। मैंने भी जब खबर देख...

झूठा लोकतंत्र ही सही लेकिन लोकतंत्र तो है।

झूठों ने झूठों से कहा है सच बोलो , सरकारी ऐलान हुआ है सच बोलो । राहत इंदौरी की यह पंक्तियां भला कौन भूल सकता है। और खासकर आज के दौर में तो बिल्कुल ही नहीं जब सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक आदि  सभी पहलू  अपने नैतिकता नामक वस्त्र को छोड़ रहे हैं। यदि हम राहत इंदौरी की इन पंक्तियों को भारतीय राजनीति और भारतीय नेताओं से जोड़ दें तो किसी को अतिशयोक्ति नहीं होनी चाहिए। वैसे तो राजनीति में झूठ एक कारगर हथियार होता है लेकिन भारतीय राजनीति के मामले में यह परमाणु हथियार का काम करता है। यदि भारतीय राजनीति के इतिहास की बात करें तो प्राचीन काल में हम जा सकते हैं लेकिन फिलहाल स्वतंत्रता आंदोलन के पश्चात की राजनीति को ही देखने का प्रयास करते हैं। भारतीय लोकतंत्र की शुरुआत स्वतंत्रता आंदोलन से ही उभरी जो की नैतिकता से ओतप्रोत थी । जाहिर है आगाज बहुत बेहतरीन हुआ परंतु जैसे-जैसे यह आगे बढ़ता गया नए नए रास्ते निकलने लगे चुनाव जीतने के। इन तरीकों में राजनेताओं को सबसे ज्यादा जो तरीका भाया वह है झूठ का। राजनीति शास्त्र को जब हम एक विषय के रूप में पढ़ते हैं तो उसमें कई सारे उपविषय होते हैं जिनमे...

PNB घोटाला और नीरव वापसी का जुमला

ब्रिटिश राज से जब हम आजाद भारत में प्रवेश हुए तब समानता रूपी अवधारणा प्रमुख थी। इसी अवधारणा को आधार बनाते हुए हमारे संविधान निर्माताओं ने संविधान के भाग तीन में मूल अधिकार के तहत सबको समानता प्रदान करने का प्रयास किया। सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक व कानूनी रूपी समानता की बात राजनेता से लेकर न्यायाधीशों की जुबान पर रहती है। परंतु जमीनी हकीकत में स्थिति अत्यंत भिन्न प्रकार से देखने को मिलती है। जब कोई साधारण व्यक्ति किसी बैंक से लोन लेने का प्रयास करता है तो उसको प्रारंभिक स्थिति से लेकर लोन प्राप्त होने की स्थिति के बाद तक अनेक प्रकार की समस्याओं से जूझना पड़ता है। बैंक मैनेजर से लेकर बैंक के चपरासी तक उस व्यक्ति को निचोड़ने में लग जाते हैं। बमुश्किल ही सही यदि लोन किसी प्रकार पास भी हो गया तो उसके पश्चात व्यक्ति का जीवन दोहरे डर में प्रारंभ हो जाता है। एक डर बैंक के पैसे को लौटाने का, जो व्यक्ति के जगने के साथ-साथ उसके नींद तक में समा जाता है और दूसरा डर व्यक्ति को सामाजिक तौर पर तोड़ने का काम प्रारम्भ कर देता है। डर हो भी क्यों ना क्योंकि 6 महीने के अंदर बैंक के कर्मचारी बीस हजार र...

करणी सेना और सांप्रदायिक आतंकवाद

कहने के लिए तो देश में लोकतंत्र और संविधान के निर्देशानुसार शासन व्यवस्था चलाई जा रही है। परंतु समाज में व्याप्त कुछ ऐसे सांप्रदायिक तत्व अपना मुंह ऊपर उठाए खड़े रहते है...

खेल अंको का !

वर्तमान में पूरा विश्व एक भागदौड़ भरी व्यवस्था में जकड़ता चला जा रहा है। सभी चाहते हैं कि वह जल्दी से जल्दी तरक्की कर अपना जीवन उच्च पैमाने पर स्थापित कर लें। यह उच्च पैमाना शायद ही किसी के लिए नैतिकता, परोपकार, या सामाजिक पहलू के इर्द-गिर्द घूमता हो क्योंकि वर्तमान वातावरण को देखते हुए यही लग रहा है कि सभी डेटा के पैमाने पर ही अपने को ऊंचा स्थापित करना चाहते हैं। इसमें कोई अपने Facebook फॉलोवर्स बढ़ाना चाहता है तो कोई लाइक,कमेंट बढ़ने पर ही खुश हो जाता है। यह सब व्यवस्था जो चल रही है वह कोई नई नहीं है बस साधन और तरीके बदल गए हैं। बचपन की वह घटना भी एक डेटा रूपी ही खेल था जब पहली बॉल पर आउट होने वाली बॉल को ट्राई बॉल बना कर 1 ओवर के डेटा को 6 की जगह 7 कर देते थे। हम उसको हमेशा खेल-खेल में ही लेते रहे हैं। अब यही खेल यदि कॉर्पोरेट सेक्टर से लेकर हमारी सरकारें भी करने लगी हैं तो भला हमें बुरा क्यों लगना चाहिए। एक खेल ही तो है जिसमें जीरो और दशमलव के इधर-उधर होने से करोड़ों लोगों के जीवन यापन पर प्रभाव पड़ता है। इसी को देखते हुए सरकार भी अब ट्राई बॉल का मजा लेना चाह रही है। वह भी देखन...

पेड न्यूज़:कागज की कश्ती में

              पेड़ न्यूज़: कागज की कश्ती में वर्ष 2009, 2014 व 2019 के लोकसभा और विधानसभा चुनाव में जिस तरह मीडिया कर्मी और अखबारों और चैनलों के विज्ञापन विभाग के लोग रेट लिस्ट लेकर पार्ट...

हीरे का डर?

हीरे की तमन्ना लिए लोग ना जाने कितना चिंतन कर डालते होंगे क्योंकि हीरे की कुछ पहचान ही ऐसी है। कहते हैं कि हीरा अर्श से फर्श पर फेंकने में भी देरी नहीं करता। यह बात भले ही असहज लगे पर इतिहास के पन्नों में हीरा सबसे खतरनाक खलनायक रहा है। कल तक नीरव मोदी और मेहुल चोकसी हीरे का पर्याय हुआ करते थे परंतु आज उसी हीरे ने दोनों को कोयले के खान में झोंक दिया है। ऐश्वर्या और समृद्धि के लिए विख्यात हीरा एक पारदर्शी रत्न है। यह है तो सबसे कठोर प्राकृतिक पदार्थ परंतु नाजुक दिलों को चुटकी में लूट लेता है। ऐतिहासिक परिपेक्ष्य में बात की जाए तो इसी हीरे के अनेक दीवाने हुए और उसी दीवानगी में सब कुछ लुटा गए। विश्व का नूर माना जाने वाला कोहिनूर लंदन से लेकर लखनऊ की छोटी छोटी गलियों में विख्यात है।शायद ही ऐसा कोई व्यक्ति हो जो कोहिनूर को पाना ना चाहेगा। परंतु कोहिनूर का इतिहास इसे बेनूरियत रूपी कुर्ता पहना देता है। दरसल कोहिनूर जहां कहीं भी गया वहां के लोगों का दिल तो अवश्य लूटा परंतु साथ में दिल वालों को भी सदा के लिए लूट लिया। कोहिनूर ने जितना ज्यादा सफर किया उतना ही ज्यादा दुनिया को तबाह भी क...

.....प्रयोग प्रशासन में?

प्रयोग शब्द अपने आप में बहुत कुछ समेटे हुए है। इसी शब्द के माध्यम से विश्व को अनेक नए आयाम देखने को मिले। वह प्रयोग ही था जब हमने पोखरण फतह किया, वह प्रयोग ही था जब मनुष्य चांद पर गया, वह प्रयोग ही था जब एडिशन नौकरानी को कीड़ों का बना आमलेट खिला रहा था। इन सभी प्रयोगों को यदि ध्यान में रखकर किसी से पूछा जाए तो वह सफल ही कहेगा, भले ही पोखरण जैसे प्रयोगों से कितने ही इंसानों का जीवन खतरे में पड़ गया हो,भले ही एडिशन की नौकरानी बीमार पड़ गई हो। आज जब भारतीय प्रशासन में नए प्रयोग की बात कही जा रही है तो कई विद्वान इसको भी भारत के लिए सही कदम बता रहे हैं परंतु क्या वास्तव में यह प्रयोग भी पोखरण के प्रयोग की तरह अपनी कमियों को छुपा पाएगा ? यह भी एक पहेली है।                                  दरसल केंद्र सरकार नौकरशाही को लेकर एक अहम प्रयोग करने जा रही है। इस प्रयोग के जरिए लैटेरल एंट्री के माध्यम से भी लोग उच्च प्रशासनिक सेवा में जा स...

विज्ञापन: डिस्काउंट के साथ प्राइस टैग

           उदारीकरण के बाद या यूं कहें हमेशा से ही विज्ञापन का गहरा असर रहा है। बस आपके पास दर्शक होने चाहिए विज्ञापन तो चल कर आने लगता है। और शायद यही कारण है कि ज्यादा दर्शक ...